राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के पीछे (बरोदा मार्ग) एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 5 साल पुराने प्रेम प्रसंग के बाद उपजे विवाद में एक सनकी प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। बुरी तरह झुलसी महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

शादीशुदा जिंदगी छोड़ प्रेमी के साथ रह रही थी मृतका

रायपुर ग्रामीण ASP अभिषेक कुमार झा ने बताया कि मृतिका राजकुमारी साहू का आरोपी वीरू धीवर (निवासी आरंग) के साथ पिछले 5 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला अपने पति और परिवार को छोड़कर आरोपी के साथ रह रही थी। घटना के दिन दोनों एयरपोर्ट के पीछे बरोदा मार्ग पर मौजूद थे, जहां किसी बात पर उनके बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी वीरू ने अचानक राजकुमारी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

राहगीरों और पुलिस की तत्परता

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही माना थाना की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और बिना वक्त गंवाए पीड़िता को अपनी गाड़ी से डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) पहुंचाया। हालांकि, शरीर का अधिकांश हिस्सा जल जाने के कारण डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद महिला को बचाया नहीं जा सका।

आरोपी का हिंसक इतिहास, तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वीरू धीवर शातिर और हिंसक प्रवृत्ति का है। लगभग 5 साल पहले इसी प्रेम प्रसंग के चलते आरोपी ने महिला की सास पर फावड़े से जानलेवा हमला किया था, जिस पर आरंग थाने में धारा 307 (हत्या का प्रयास) का मामला दर्ज हुआ था। घटना के बाद से आरोपी का मोबाइल बंद है और वह फरार है। माना थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस की विशेष टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!